देहरादून: उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को अपना इस्तीफा सौंपा है। आपको बता दें, पिछले कुछ समय से राज्यपाल मौर्य के इस्तीफा देने की खबरें चल रही थीं। उन्होंने 15 दिन पहले मीडिया से बातचीत करते हुए अपने 3 साल के कार्यकाल की जानकारी भी दी थी।
सूत्रों से मानें तो आगामी विधानसभा चुनाव 2022 के मद्देनजर बेबी रानी मौर्य उत्तर प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हो सकती हैं। मौर्य भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ सकती हैं। इससे पहले भाजपा ने 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव को देखते हुए प्रभारियों का ऐलान किया है। जिसमें उत्तराखंड की जिम्मेदारी प्रह्लाद जोशी और उत्तर प्रदेश की धर्मेंद्र प्रधान को सौंपी है।
मौर्य 26 अगस्त 2018 को उत्तराखंड की राज्यपाल बनी थी। वे प्रदेश की सातंवी और दूसरी महिला राज्यपाल थी। मूल रुप से आगरा जिले की मौर्य, भाजपा में कई पदों में रही। ऐसा माना जा रहा है कि उन्हें अब पार्टी फिर से कोई दूसरी जिम्मेदारी देने वाली है।